मुंबई के मलाड इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक डॉक्टर द्वारा ऑनलाइन मंगवाई गई आइसक्रीम के अंदर इंसानी उंगली का टुकड़ा मिला। यह देखकर डॉक्टर घबरा गए और मलाड पुलिस स्टेशन पहुंच गए। जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आइसक्रीम ब्रांड यम्मो के खिलाफ शिकायत दर्ज की। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस मामले में गाजियाबाद कनेक्शन सामने आया है।
आइसक्रीम का गाजियाबाद कनेक्शन
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर आइसक्रीम का रैपर लेकर मलाड पुलिस स्टेशन पहुंचे। रैपर पर मैन्यूफैक्चरिंग डेट 11 मई 2024 और एक्सपायरी डेट 10 मई 2025 थी। यह प्रोडक्ट गाजियाबाद में लक्ष्मी आइसक्रीम प्राइवेट लिमिटेड ने बनाया था। पुलिस इस बात की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है कि आइसक्रीम में इंसान की उंगली कैसे आई? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मलाड के रहने वाले डॉक्टर ओरलाम ब्रैंडन सेराव ने ऑनलाइन आइसक्रीम मंगवाई थी।
उन्होंने बड़े चाव से आइसक्रीम खोली लेकिन बाद में वे दंग रह गए। उन्होंने ऑनलाइन फोटो शेयर की, जिसमें बाहर मांस का टुकड़ा दिखाई दे रहा है। डॉक्टर ने अपना अनुभव शेयर किया। उन्होंने कहा कि पहले मुझे लगा कि अखरोट होगा लेकिन बाद में जब मैंने ध्यान से देखा तो पता चला कि यह उंगली है।
‘मैं इसे अखरोट समझकर चबा रहा था’
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में उन्होंने बताया कि मैंने ऑनलाइन तीन आइसक्रीम मंगवाई थीं। मैंने बटरस्कॉच आइसक्रीम ली थी। मैं आइसक्रीम खा रहा था, तभी मुझे मुंह के अंदर कुछ ठोस चीज महसूस हुई। मुझे लगा कि यह अखरोट या चॉकलेट का टुकड़ा हो सकता है लेकिन मुझे मुंह में कुछ बहुत सख्त चीज महसूस हुई। मैंने थूक कर जानना चाहा कि यह क्या है और मैं दंग रह गया, क्योंकि यह अखरोट नहीं बल्कि इंसान की उंगली का मांस का टुकड़ा था। मैं पेशे से डॉक्टर हूं, इसलिए मैंने समझा कि यह अंगूठे का हिस्सा है, इसमें कील दिख रही थी। मैंने तुरंत उस टुकड़े को आइसपैक में डाल दिया, ताकि पुलिस को दिखाया जा सके।
आपको बता दें, डॉक्टर लंच के बाद आइसक्रीम खा रहे थे, तभी कोन से आधा इंच मांस का टुकड़ा निकला, जिसमें कील भी थी। वह फिलहाल पोस्टग्रेजुएट की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने आइसक्रीम कंपनी के इंस्टाग्राम पेज पर इस बारे में शिकायत दर्ज कराई।
मुंबई के रहने वाले इस शख्स ने आनलाइन आइसक्रीम मंगाई थी इसे अपनी आइसक्रीम में इंसान की कटी हुई उंगली मिली है. pic.twitter.com/Aa5mHVBkIQ
— Delhi News24 (@delhinews24tv) June 13, 2024
पुलिस घटना की जांच कर रही है
डॉक्टर ने आगे कहा कि मैंने घटना की जानकारी मलाड पुलिस को दी। मैंने आइसक्रीम ब्रांड के खिलाफ मिलावट और लोगों की जान को खतरे में डालने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आइसक्रीम को जांच के लिए और टुकड़े को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि हम मामले की जांच कर रहे हैं और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आइसक्रीम में यह टुकड़ा कहां से आया?