दिल्ली में आज बरसेंगे बादल: मौसम विभाग का येलो अलर्ट, बारिश से पहले चलेगी धूल भरी आंधी

शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। धूल भरी आंधी के साथ तेज सतही हवा 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।

News Desk
3 Min Read
Clouds will rain in Delhi today Meteorological Department issued yellow alert, dust storm will blow before rain

राजधानी में लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। धूल भरी आंधी के साथ तेज सतही हवा 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। ऐसे में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को गर्मी से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। जबकि न्यूनतम तापमान भी 29 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।

शुक्रवार को सुबह से ही तेज गर्मी रही। इससे लोग परेशान रहे। दोपहर में सूरज के तेवर और तीखे हो गए। इससे उमस भरी गर्मी महसूस हुई। शाम को कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ तेज हवाएं चलीं। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 43 दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम आर्द्रता का स्तर 57 प्रतिशत रहा।

नजफगढ़ में तापमान 45 के पार

मौसम विभाग के अनुसार, नजफगढ़ इलाका सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नरेला में 44.9, पीतमपुरा में 44.3, पूसा में 44, जाफरपुर और रिज में 43.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

खराब श्रेणी में मौसम

राजधानी में हवा की गति कम होने से मौसम खराब श्रेणी में पहुंच गया है। शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 228 रहा, जो खराब श्रेणी में है। ज्यादातर इलाकों में एक्यूआई 200 से अधिक दर्ज किया गया। कुल मिलाकर दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रही। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को हवा के मध्यम श्रेणी में पहुंचने की संभावना है। सीपीसीबी के अनुसार ग्रेटर नोएडा में एनसीआर में सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। यहां का एक्यूआई 273 रहा, जो खराब श्रेणी में है। गुरुग्राम में 271, नोएडा में 232, फरीदाबाद में 216 और गाजियाबाद में 177 एक्यूआई दर्ज किया गया।

शुक्रवार को दिल्ली का तापमान

अधिकतम तापमान—43 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान—–28 डिग्री सेल्सियस

शनिवार को दिल्ली का मौसम पूर्वानुमान

तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना
अधिकतम तापमान—42 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान—–29 डिग्री सेल्सियस

Share This Article