नोएडा में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी

News Desk
2 Min Read
In Noida, a woman along with her lover killed her husband

ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने बिरौंडा गांव में महेश की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि प्रेम प्रसंग का पता चलने पर महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति के पेट में कैंची घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। मूल रूप से हमीरपुर निवासी महेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बिरौंडा गांव में किराए के मकान में रहता था। वह गांव के पास ही सुलभ शौचालय में केयरटेकर का काम करता था।

एक जुलाई को महेश का शव सुलभ शौचालय की छत पर पड़ा मिला था। घटना के बाद से मृतक की पत्नी अपने डेढ़ साल के बच्चे के साथ लापता थी। पुलिस ने बताया कि पूजा तीन बच्चों की मां है। उसका प्रहलाद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महेश ने पूजा को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया था।

इसके बाद आरोपियों ने महेश की हत्या कर शव को छिपाने के लिए शौचालय की छत पर फेंक दिया। हत्या के बाद दोनों मध्य प्रदेश में अपने किसी परिचित के यहां पहुंच गए। वे वहां किराए पर कमरा लेकर रहने लगे। पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त कैंची बरामद कर ली है।

शादी से पहले से ही चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस ने बताया कि महेश की पत्नी पूजा और उसका प्रेमी प्रहलाद एक ही गांव के हैं। पूजा की शादी से पहले से ही प्रेम प्रसंग चल रहा था। पूजा प्रहलाद के संपर्क में थी और उसने उसे नौकरी दिलाने के बहाने 23 जून को ग्रेटर नोएडा बुलाया था। यहां प्रहलाद सोसायटी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगा। मृतक महेश की नाइट ड्यूटी थी। जब वह ड्यूटी पर जाता था तो प्रहलाद पूजा के पास पहुंच जाता था।

Share This Article
Exit mobile version